-राजापाकर में मतदाता पुनरीक्षण को लेकर जनप्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न, बीएलओ को सहयोग की अपील
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)।
प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी आनंद प्रकाश ने की। इसमें प्रखंड क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों को एसआईआर-2025 के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
निर्वाची पदाधिकारी आनंद प्रकाश ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगे बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को हरसंभव सहयोग दें और क्षेत्र के लोगों को इस अभियान से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नाम वाले मतदाताओं को सूची से हटाने का कार्य किया जा रहा है।
2003 से पहले के मतदाताओं को दस्तावेज की जरूरत नहीं:
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज हैं, उन्हें किसी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है। वहीं, जिनके नाम 2003 के बाद जोड़े गए हैं, और जिनके माता-पिता का नाम 2003 की सूची में है, उनके लिए सरपंच द्वारा प्रमाणित वंशावली पर्याप्त मानी जाएगी। साथ ही उन्होंने सरपंचों को निर्देश दिया कि वंशावली तैयार करने में देरी न करें।

अन्य मान्य दस्तावेजों की जानकारी:
विकास मित्र के पास उपलब्ध विकास रजिस्टर, 2007 की पारिवारिक सूची या बीपीएल सूची जैसे दस्तावेजों को भी मान्य दस्तावेज के रूप में उपयोग में लाया जा सकता है।
बीएलओ पर लापरवाही के आरोप:
बैठक में कुछ जनप्रतिनिधियों ने बीएलओ पर काम में लापरवाही के आरोप लगाए। इस पर आनंद प्रकाश ने कहा कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित बीएलओ के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों से अपील:
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि बीएलओ के आने पर वे सही जानकारी दें, जैसे कि परिवार के बाहर रहने वाले सदस्य या किसी की मृत्यु, ताकि डाटा सही तरीके से अपडेट हो सके।
बैठक में ये रहे उपस्थित:
बैठक में प्रमुख प्रतिनिधि नथुनी प्रसाद सिंह, सरपंच हरि मंगल राय, अमरेंद्र कुमार, सिताब राय, मुखिया प्रतिनिधि धीरेंद्र मिश्रा, मुखिया संजय राम, सरपंच रविंद्र राय सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।











