-राजापाकर में फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का तीसरा चरण शुरू, घर-घर पहुंचकर किसानों का हो रहा पंजीकरण
राजापाकर | संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड के सभी पंचायतों में कृषि विभाग एवं राजस्व व भूमि सुधार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “सशक्त एवं समृद्ध किसान, बिहार की पहचान” कार्यक्रम के तहत फार्मर रजिस्ट्री आईडी कार्ड बनाने के लिए तीसरे चरण का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है।
यह विशेष अभियान 2 फरवरी से 6 फरवरी तक सभी पंचायत भवनों पर संचालित किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन कर्मी उपस्थित रहकर किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कर रहे हैं। साथ ही पंचायत के सभी वार्डों में विशेष संपर्क अभियान चलाकर कर्मी घर-घर जाकर किसानों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कर रहे हैं।
मंगलवार को राजापाकर उत्तरी पंचायत के वार्ड नंबर-8 में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य जोर-शोर से किया गया। किसान सलाहकार रामदयाल कुमार एवं विकास मित्र सरिता कुमारी के नेतृत्व में सर्वे अमीन और राजस्व कर्मियों ने घर-घर जाकर किसानों का पंजीकरण किया।

इस मौके पर किसान सलाहकार रामदयाल कुमार, विकास मित्र सरिता कुमारी, सर्वे अमीन नरेश कुमार, रोबिन कुमार, विकास कुमार, राजस्व कर्मचारी मुनाजिर हुसैन सहित कई किसान मौजूद रहे।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य ने बताया कि कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने पंचायत के किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक या हल्का कर्मचारी से संपर्क कर जल्द से जल्द आईडी बनवा लें।
आईडी बनाने के लिए जमीन से संबंधित दस्तावेज, स्वयं के नाम की ऑनलाइन जमाबंदी रसीद, आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर आवश्यक है। अधिक जानकारी के लिए किसान प्रखंड कृषि कार्यालय बसरा में संपर्क कर सकते हैं।
इस अभियान से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।












