-राजापाकर में दर्दनाक हादसा
-सड़क पार करते समय मां-बेटी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
-महिला की मौत, बेटी घायल
संजय श्रीवास्तव | राजापाकर
वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
घटना राजापाकर थाना क्षेत्र के बरियारपुर बुजुर्ग वार्ड संख्या 9 की है। बताया जा रहा है कि रविता देवी (पति वीरेंद्र पंडित) अपनी बेटी सोनाली कुमारी के साथ गेहूं की दौनी कराकर घर लौट रही थीं। सड़क पार करते समय अचानक एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजापाकर ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने रविता देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनाली का इलाज अभी जारी है।

पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया:
घटना की सूचना मिलते ही राजापाकर थानाध्यक्ष वीणा कुमारी दल-बल के साथ अस्पताल पहुँचीं और परिजनों से विस्तृत जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेजा गया, जहाँ से आवश्यक कागजी प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिवार में पसरा मातम
मृतका रविता देवी अपने पीछे चार पुत्रियाँ और एक पुत्र छोड़ गई हैं। इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो अब भी अविवाहित हैं। मृतका के पति जीविकोपार्जन के लिए दिल्ली में कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलने पर वे दिल्ली से वापस लौट रहे हैं और उनके आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अब तक नहीं दिया गया आवेदन:
पुलिस ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक परिजनों द्वारा राजापाकर थाना में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। थानाध्यक्ष वीणा कुमारी ने कहा कि आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#RajapakarAccident #RoadAccident #BiharNews #TragicIncident #MaaBeti #VaishaliNews #HitAndRun #LocalCrime #NewsUpdate












