Advertisement

राजापाकर प्रखंड कार्यालय में भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन

-राजापाकर प्रखंड कार्यालय में भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन

राजापाकर–संजय श्रीवास्तव।
प्रखंड कार्यालय राजापाकर के सभागार में शनिवार को भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता राजस्व अधिकारी जुली कुमारी ने की, जबकि संचालन अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल द्वारा किया गया।
शिविर में भूमि विवाद से संबंधित अनेक रैयत किसान उपस्थित हुए। इस दौरान राजस्व अधिकारी जुली कुमारी ने कुल चार भूमि विवाद मामलों की सुनवाई की। राजापाकर उत्तरी पंचायत निवासी रमेश प्रसाद सिंह बनाम संगीता देवी तथा जाफर पट्टी निवासी सुरेश राय बनाम कमलेश राय के मामलों में केवल वादी पक्ष ही उपस्थित रहे, जबकि प्रतिवादी अनुपस्थित थे। इस कारण दोनों मामलों में पुनः नोटिस निर्गत करने का निर्णय लिया गया।


वहीं एक मामले में वादी एवं प्रतिवादी दोनों की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। नए मामलों में बेलकुंडा निवासी राजा कुमार बनाम देवेंद्र सहनी के बीच दखल-कब्जा से संबंधित विवाद की सुनवाई की गई, जिसमें दोनों पक्षों को अगले शिविर में सभी आवश्यक कागजात के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
शिविर के दौरान राजस्व महाअभियान के तहत ऑफलाइन दिए गए आवेदनों की स्थिति के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। राजस्व अधिकारी ने बताया कि वादी एवं प्रतिवादी दोनों ही राजस्व विभाग के पोर्टल से अपने आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं। जिन लोगों के खाता, खेसरा अथवा रकबा में त्रुटि है, उन्हें ऑनलाइन परिमार्जन कराने की सलाह दी गई, ताकि कर्मी स्थल पर जाकर जांच कर त्रुटियों को दूर कर सकें।
इसके अलावा म्यूटेशन की प्रक्रिया ऑनलाइन करने तथा किसी भी प्रकार के बिचौलिया या दलाल के झांसे में नहीं आने की अपील की गई। भूमि से संबंधित किसी भी कार्य के लिए सीधे अंचल कार्यालय से संपर्क करने का निर्देश दिया गया।
शिविर में राजस्व अधिकारी जुली कुमारी, अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल, डाटा ऑपरेटर चंद्रशेखर कुमार सहित सभी अंचल कर्मी उपस्थित रहे।