-राजापाकर अंचल कार्यालय में भूमि विवाद निवारण शिविर आयोजित, अपर समाहर्ता ने दिए अहम निर्देश
राजापाकर– संजय श्रीवास्तव।
अंचल कार्यालय राजापाकर परिसर में शनिवार को भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अपर समाहर्ता, वैशाली संजय कुमार विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने फार्मर रजिस्ट्रेशन की प्रगति को लेकर अंचलाधिकारी से जानकारी ली और सभी राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि छूटे हुए किसानों का घर-घर जाकर किसान रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए।
शिविर के दौरान अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने भूमि विवाद से संबंधित रैयतों की समस्याओं की सुनवाई की। रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई पंचायत के फतेहपुर फुलवरिया गांव निवासी अजय कुमार हिमांशु के भूमि विवाद मामले पर विचार किया गया। आवेदक द्वारा बताया गया कि टाइटल सूट में मामला लंबित रहने के बावजूद म्यूटेशन किया गया है, जिसे रद्द करने को लेकर शिविर में आवेदन दिया गया।

वहीं बाकरपुर पंचायत के कुमोद कुमार सिंह ने भूमि मापी के लिए आवेदन दिया, जिस पर अंचलाधिकारी ने जानकारी दी कि एक खेसरा की मापी के लिए ₹500 शुल्क निर्धारित है। इसके लिए ऑनलाइन राजस्व विभाग के पोर्टल पर आवेदन करना होगा, जिसके बाद अंचल कार्यालय द्वारा तिथि निर्धारित कर भूमि की मापी कराई जाएगी।
इसके अलावा परिमार्जन एवं म्यूटेशन से जुड़ी कई शिकायतें भी सामने आईं। अधिकारियों ने बताया कि परिमार्जन के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य है। वहीं म्यूटेशन से जुड़े विवादित मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में अंचल कर्मियों में शेखर कुमार, नवीन कुमार, रूपा कुमारी, बच्चा बाबू सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।














