-राजस्व महाअभियान के तहत राजापाकर में शिविर का आयोजन, लोगों को मिला लाभ
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)।
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के बखरी बड़ाई पंचायत सरकार भवन में राजस्व महाअभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायत के सभी मौजाों के जमाबंदीधारी लोगों को जमाबंदी सुधार, बंटवारा एवं नामांतरण से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सुधार हेतु पंजीकरण भी किया गया।
शिविर की देखरेख सीओ गौरव कुमार एवं राजस्व अधिकारी जुली कुमारी ने की, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी आनंद प्रकाश ने व्यापक सहयोग प्रदान किया। सर्वे अमीन की हड़ताल के बावजूद अंचल के ऑपरेटरों की मदद से कैंप को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
जिन लोगों को बंटवारा या नामांतरण समझने में दिक्कत हुई, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के साथ अगली बार 3 सितंबर को आयोजित होने वाले बखरी बड़ाई पंचायत सरकार भवन के शिविर में आने का सुझाव दिया गया।

लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिविर में उनकी जमाबंदी, नामांतरण और बंटवारा से जुड़ी शिकायतों का समाधान हो रहा है।
अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने जानकारी दी कि 20 अगस्त को जाफरपट्टी पंचायत भवन परिसर में अगला शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां पंचायत के सभी रैयत अपने कार्य करवा सकते हैं।
मौके पर बीडीओ आनंद प्रकाश, सीओ गौरव कुमार, आरओ जुली कुमारी, शिविर प्रभारी सह राजस्व कर्मचारी अमित रंजन कुमार, पंचायत सचिव दिलीप कुमार, किसान सलाहकार धनेश्वर राय, अंचल ऑपरेटर संगम कुमार, शेखर कुमार, नवीन कुमार समेत बड़ी संख्या में पंचायत के रैयत व जमाबंदीधारी लोग उपस्थित रहे।












