–येमोतीहारी के स्कूल में रिश्वतखोरी का आरोप, टीसी के नाम पर वसूली का वीडियो वायरल
मोतीहारी। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले स्कूल में भ्रष्टाचार का कथित मामला सामने आया है। तुरकौलिया प्रखंड स्थित उत्क्रमित विद्यालय नरियरवा एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार आरोप है कि स्कूल में ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने के नाम पर अभिभावकों से अवैध वसूली की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक (एचएम) द्वारा एक अभिभावक से 300 रुपये की रिश्वत ली जा रही है। वीडियो में कथित तौर पर पैसे का लेन-देन साफ नजर आ रहा है, जहां रुपये को कागज में मोड़कर रखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय में टीसी के नाम पर 300 से 500 रुपये तक वसूले जाते हैं, जबकि जन्मतिथि सुधार जैसे कार्यों के लिए 500 से 700 रुपये तक की मांग की जाती है। इस खुलासे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि “जब शिक्षा के मंदिर में ही भ्रष्टाचार पनप रहा है, तो बच्चों के भविष्य पर इसका नकारात्मक असर पड़ेगा।” अभिभावकों का आरोप है कि बिना पैसे दिए स्कूल से टीसी प्राप्त करना मुश्किल हो गया है।
हालांकि, वायरल वीडियो की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है। देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या कार्रवाई करता है, क्योंकि यह मामला सीधे तौर पर शिक्षा व्यवस्था की साख से जुड़ा हुआ है।












