Advertisement

सीएम सम्राट चौधरी का सख्त संदेश: दुगुनी गति से काम करें, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

-सीएम सम्राट चौधरी का सख्त संदेश: दुगुनी गति से काम करें, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

पटना, 15 अप्रैल 2026। दीपक तिवारी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पदभार संभालने के तुरंत बाद मुख्य सचिवालय में राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग दुगुनी गति से काम करें और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी सख्ती से अमल किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि मुख्यालय से लेकर निचले स्तर तक किसी भी हाल में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कार्यों को अनावश्यक रूप से लटकाने की प्रवृत्ति समाप्त करनी होगी।

सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रखंड, अंचल और थाना स्तर पर आम लोगों को बेहतर सुविधा मिले और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो। उन्होंने कहा कि “फाइल बढ़ाने और पत्राचार तक सीमित रहने की प्रवृत्ति खत्म करनी होगी, जनता को परिणाम चाहिए।”
बैठक में मुख्यमंत्री ने भूमि विवादों को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि राज्य में 60 से 70 प्रतिशत विवाद जमीन से जुड़े होते हैं। ऐसे मामलों को सरल प्रक्रिया के तहत शीघ्र निपटाने का निर्देश दिया गया, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू की गई योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए बिहार को विकसित और समृद्ध राज्य बनाना लक्ष्य है। उन्होंने “सात निश्चय” योजनाओं और अन्य विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर उन्हें तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।
सीएम ने सभी विभागों को अपने कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया और कहा कि जल्द ही इसकी विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से अनुशासन, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
इस दौरान मुख्य सचिव, डीजीपी सहित कई वरीय अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।