Advertisement

बियाडा भूमि अधिग्रहण विवाद को लेकर रैयतों का प्रदर्शन, अंचल अधिकारी से लगाई गुहार

-बियाडा भूमि अधिग्रहण विवाद को लेकर रैयतों का प्रदर्शन, अंचल अधिकारी से लगाई गुहार

मुजफ्फरपुर। अंचल कार्यालय, मुसहरी में बियाडा से जुड़े कथित भूमि अधिग्रहण मामले को लेकर प्रभावित रैयतों ने अपनी समस्या को लेकर आवाज उठाई। राजेन्द्र नगर मुहल्ला विकास समिति, वार्ड संख्या-49, कन्हौली विशुनदत्त के तत्वावधान में बड़ी संख्या में लोग अंचल अधिकारी से मिलने पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
प्रभावित लोगों का आरोप है कि बियाडा द्वारा किए गए आवेदन के आधार पर वैध भूमि धारकों (रैयतों) की जमीन पर बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के अवैध रूप से रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि थाना नंबर-411 (कन्हौली विशुनदत्त) और थाना नंबर-279 (रोहुआ आपुछ) क्षेत्र में रहने वाले अधिकांश लोग पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से यहां निवास कर रहे हैं और संवैधानिक रूप से रैयत होने की सभी शर्तें पूरी करते हैं। इसके बावजूद उनकी जमीन के रजिस्ट्रेशन और दाखिल-खारिज पर रोक लगने से लोगों में गहरी चिंता व्याप्त है।


रैयतों ने अंचल अधिकारी से इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान अखिलेश कुमार, विमलेश शर्मा, उत्पल रंजन, मृत्युंजय कुमार सिंह, अमित कुमार, सुमित कुमार कंठ, रोहित कुमार, रौशन कुमार सिंह, संतोष झा, विजय कुमार मिश्रा, रविरंजन सहित 100 से अधिक स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने बियाडा कार्यालय पहुंचकर प्रभारी डीजीएम राजीव रंजन से भी मुलाकात की। प्रतिनिधियों में अखिलेश कुमार, विमलेश शर्मा और रौशन कुमार सिंह शामिल थे, जिन्होंने अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग करते हुए आवेदन पत्र सौंपा।