चंपारण की खबर::
-विश्व जनसंख्या दिवस पर जिलेभर में परिवार नियोजन पखवारे का हुआ आयोजन
– डीएम ने समाहरणालय से किया सारथी रथ रवाना, एएनएम एवं बच्चों ने निकाली जगह-जगह प्रभात फेरी
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर जिलेभर के सभी पीएचसी में परिवार नियोजन पख़वाड़े का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल व सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार ने समाहरणालय परिसर से लोगोँ में जागरूकता के लिए सारथी रथ रवाना किया। मौके पर उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पर रोक हेतु जागरूकता फैलाना बेहद आवश्यक है। वहीं डीसीएम नंदन झा के नेतृत्व में एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने नारे लगाते हुए जगह जगह प्रभात फेरी निकाली। पुरुष नसबन्दी व महिला बन्ध्याकरण के साथ ही परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों को अपनाने के बारे में जागरूकता फैलाते हुए सारथी रथ अनुमण्डलीय अस्पताल ढाका, पकड़ीदयाल में उपाधीक्षक व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के द्वारा रवाना किया गया। इस दौरान बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण के उद्देश्य को लेकर रैली निकाली गई।

जिला स्वास्थ्य समिति के आशा समन्वयक नंदन झा ने बताया कि जिले के सभी पीएचसी में 11 से 31 जुलाई तक महिलाओ व आमलोगों को जागरूक करते हुए परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है।
डीसीएम ने बताया कि परिवार नियोजन के साधनों के उपयोग के लिए अपने क्षेत्र के एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी सेविका, विकास मित्र, जीविका दीदी अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं ।
– सही उम्र में ही हो विवाह एवं बच्चों के बीच हो अंतराल : सीएस
सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार ने बताया कि सही उम्र में शादी एवं बच्चों के बीच अंतराल होनी चाहिए। छोटा परिवार सुखी परिवार के लाभ के बारे में आमजन को बताया जा रहा है। वहीं सास बहू सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है। सीएस ने कहा कि माँ और शिशु स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए भी गर्भनिरोधक उपायों को अपनाना जरूरी है।












