-दो घंटे में अपहरण-फिरौती कांड का खुलासा, बच्चा सकुशल बरामद; दो अपराधी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। जिले में पुलिस ने अपहरण एवं फिरौती के एक मामले का महज दो घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से देसी पिस्तौल, कारतूस, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 9 मार्च 2026 की शाम कटरा थाना क्षेत्र में एक बच्चा खेलने के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधियों द्वारा अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद बच्चे को छोड़ने के एवज में परिजनों से 50 हजार रुपये फिरौती की मांग की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बच्चे के पिता के बयान पर संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन तथा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पूर्वी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में संबंधित थाना एवं ओपी की पुलिस को भी शामिल किया गया।

गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर मामले से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं का गहन विश्लेषण किया और त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान महज दो घंटे के भीतर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने घटना में शामिल मंजय कुमार और सुनील कुमार, दोनों कटरा थाना क्षेत्र, मुजफ्फरपुर निवासी को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी पिस्तौल, दो कारतूस, अपहृत बच्चे का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ मुजफ्फरपुर के सदर थाना, दरभंगा के सदर थाना एवं कमतौल थाना तथा सीतामढ़ी के नानपुर थाना में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इस घटना में उनकी भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है।












