-मुजफ्फरपुर: हत्या के फरार अभियुक्तों की कुर्की जब्ती को लेकर इश्तहार चिपकाया, बैंड-बाजे के साथ गांव में पहुंची पुलिस
मुशहरी, मुजफ्फरपुर। संवाददाता।
मुशहरी थाना क्षेत्र के छपड़ा गांव में गोलीकांड के फरार आरोपितों की कुर्की जब्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुसहरी थाना कांड संख्या 96/25 में नामजद चार फरार अभियुक्तों के घरों पर पुलिस ने बुधवार को इश्तहार चिपकाया। यह कार्रवाई बैंड-बाजे के साथ गांव में घूम-घूम कर की गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
कांड में मिथिलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जिन चार अभियुक्तों को फरार घोषित किया गया है, उनके नाम हैं:
अंशु कुमार
परम राम शर्मा उर्फ चिंटू
रणजीत कुमार उर्फ चिंताई
निशांत कुमार

इन सभी के खिलाफ कुर्की जब्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए, इश्तहार के माध्यम से उन्हें जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई है।
इस कार्रवाई में बड़ा बाबू रणजीत कुमार गुप्ता, अवर निरीक्षक तेजप्रकाश सिंह, अवर निरीक्षक दीपक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक, यदि अभियुक्त निर्धारित समय सीमा में कोर्ट में हाजिर नहीं होते हैं तो अगली कार्रवाई के तहत उनके घर की कुर्की की जाएगी।
पुलिस की इस कार्यवाही को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।











