मुजफ्फरपुर: रामपुरदयाल में हुई छीनतई कांड का पुलिस ने किया सफल उद्वेदन
-70हज़ार रुपया नकद एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ अभियुक्त गिरफ्तार
-पीड़िता की चचेरी बहन अंगूरी खातून ने निभाई लाइनर की भूमिका
मुजफ्फरपुर।संवाददाता।
जिले के पीयर थाना क्षेत्र के रामपुरदयाल में हुई छीनतई कांड का पुलिस ने सफल उद्वेदन किया है। इस संदर्भ में वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। जिसमें कहा गया है कि 7.10.2024 को वादिनी प्रवीण अहमद के फर्द बयान पर पियर थाना में कांड अंकित किया गया था। वादिनी ने अपने फर्द बयान में 7-10-2024 को अपने घर से मुजफ्फरपुर जाने के क्रम में रामपुर दयाल स्थित पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधियों द्वारा झपट्टा मारकर हाथ में रखे बैग की छीनतई करने की शिकायत की थी।

बैग में करीब 1 लाख रुपए एवं आवश्यक जरूरी कागजात होने का जिक्र किया गया था। संदर्भित मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरपुर के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुजफ्फरपुर के अनुश्रवण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जिसमें पियर थाना अध्यक्ष की टीम को भी शामिल किया गया। गठित टीम के द्वारा वादिनी द्वारा बताए गए हुलिया, मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त अभियुक्त दिलीप कुमार साकिन- मतलूपुर,थाना-हत्था,जिला मुजफ्फरपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इस क्रम में उक्त अपराधीकर्मी द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई एवं उनके निशान देही पर छिनतई की गई रुपयों में से 70हज़ार रुपया नकद एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया गया। गिरफ्तार अपराधी दिलीप कुमार के स्वीकारोक्ति बयान एवं निशान देही के आधार पर घटना में लाइनर के रूप में संलिप्त वादिनी के चचेरी बहन अंगूरी खातून, ग्राम रतवारा थाना-हत्था को गिरफ्तार किया गया। विदित हो कि घटना के समय गिरफ्तार अभियुक्ता अंगूरी खातून वादिनी के साथ टोटों पर सवार थी। कांड में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। संदर्भित मामले में अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है। वही गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। अभियुक्त के पास से नगद 70हज़ार, बाइक एवं मोबाइल बरामद किए गए हैं।












