-मुजफ्फरपुर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, लगातार चोरी हो रहा एलटी व 11 हजार वोल्ट का केबल
मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। द्वारका नगर पावर सब-स्टेशन से संचालित नरसिंहपुर एवं तरौरा एग्रीकल्चर फीडर का एलटी केबल और 11,000 वोल्ट का केबल आए दिन चोरों द्वारा काटकर चोरी कर लिया जाता है, और विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगती।
ग्रामीणों के अनुसार इस मामले में लगातार शिकायत किए जाने के बाद भी विभाग द्वारा केबल की मरम्मत व लाइन की बहाली सही ढंग से नहीं कराई जाती, जिसके कारण नरसिंहपुर, तरौरा एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को घंटों बिजली संकट झेलना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार चोरी की घटनाओं के बावजूद विभाग न तो निगरानी बढ़ा रहा है और न ही केबल सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम उठा रहा है।
मामला मुसहरी प्रखंड क्षेत्र का है, जहां बिजली चोरी एवं केबल कटौती की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कार्रवाई करने और केबल सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।












