Advertisement

मुजफ्फरपुर में बाढ़ का खतरा: 5.54 लाख परिवार जोखिम में, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

-मुजफ्फरपुर में बाढ़ का खतरा: 5.54 लाख परिवार जोखिम में, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

मुजफ्फरपुर। जिले में संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां तेज कर दी हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार जिले के करीब 5 लाख 54 हजार 843 परिवार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निवास करते हैं, जिन्हें संभावित आपदा के दौरान विशेष सहायता की आवश्यकता पड़ सकती है।
समाहरणालय परिसर में जल संसाधन विभाग के सचिव एवं प्रभारी सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में बाढ़, सुखाड़ एवं एईएस (एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम) को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।


प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ संवेदनशील परिवारों की सूची का सत्यापन एवं अद्यतन कार्य भी कराया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहे। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए नावों, राहत शिविरों और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा पशुधन की सुरक्षा तथा एईएस से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान जलस्तर में वृद्धि की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।