Advertisement

मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक सुधार की बड़ी पहल: जिलाधिकारी ने की महत्त्वपूर्ण बैठक

-मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक सुधार की बड़ी पहल: जिलाधिकारी ने की महत्त्वपूर्ण बैठक

-ऑटो–ई-रिक्शा पर नई व्यवस्था, वेंडिंग जोन और वन-वे सिस्टम का सुझाव

-जाम से राहत की तैयारी: मल्टी लेवल पार्किंग से लेकर अतिरिक्त पुलिस तैनाती तक विस्तृत योजना
————————–
मुजफ्फरपुर, 22 नवम्बर —

शहरी क्षेत्र में यातायात प्रबंधन, विनियमन तथा लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में माननीय सांसद सह केन्द्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी एवं माननीय विधायक श्री रंजन कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में अल्पकालीन तथा दीर्घकालीन—दोनों स्तरों पर व्यापक ट्रैफिक सुधार योजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

शहर को जोन में विभक्त कर कलर कोडिंग सर्वे का निर्देश
———————
शहर में अनियंत्रित ऑटो व ई-रिक्शा संचालन और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इस समस्या के समाधान हेतु जिलाधिकारी ने पूरे शहरी क्षेत्र को अलग-अलग जोन में विभक्त करने तथा प्रत्येक जोन के प्रमुख रूट पर वाहनों की परिचालन क्षमता का सर्वे करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही सभी रूट के लिए अलग-अलग कलर कोड देने की प्लानिंग करने को कहा। तय कलर कोड के अनुरूप ही ऑटो और ई-रिक्शा संचालित होंगे, जिससे अनियंत्रित आवाजाही पर अंकुश लगेगा। इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने की जिम्मेदारी नगर पुलिस अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक को दी गई।

वेंडिंग जोन की पहचान, सड़क किनारे दुकानों के लिए समाधान
———————-
जाम की समस्या का एक बड़ा कारण सड़क किनारे लगने वाली अनियंत्रित दुकानें भी हैं। इसे ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने वेंडिंग जोन के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित कर वहां व्यवस्थित सीमांकन के साथ वेंडिंग व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया। इससे सड़क किनारे रोजगार करने वाले लोगों को वैकल्पिक स्थान मिलेगा और यातायात पर दबाव कम होगा।

महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
———————–
मोतीझील, अघोरिया बाजार, हरीसभा चौक, कलमबाग चौक, माड़ीपुर, बैरिया सहित शहर के सभी भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और ठेला चालक अक्सर चौक-चौराहों पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। इसे रोकने के लिए प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को हैंडहेल्ड मशीन उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि मौके पर ही जुर्माना वसूली सुनिश्चित हो सके।

वन-वे सिस्टम, माइकिंग और ट्रैफिक पोस्ट का प्रस्ताव
———————
बैठक में आवश्यकता अनुसार कुछ सड़कों को वन-वे घोषित करने, सड़क पर नो-पार्किंग बोर्ड लगाने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में माइकिंग कर जागरूकता बढ़ाने तथा कई महत्वपूर्ण स्थानों पर नये ट्रैफिक पोस्ट स्थापित करने जैसे सुझाव दिये गये।

दीर्घकालीन योजना: मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण
———————
शहर में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने मल्टी लेवल पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थल चयन करने का निर्देश दिया। यह योजना आगामी वर्षों में शहर के यातायात का दीर्घकालीन समाधान साबित होगी।

बैठक में माननीय केन्द्रीय राज्य मंत्री सह सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार हेतु तात्कालिक एवं दीर्घकालीन—दोनों प्रकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है।
उन्होंने शहर की साफ-सफाई, स्वच्छता, शहर के बाहर कचरा प्रबंधन, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की प्रगति और क्राइम कंट्रोल के लिए पुल व अंधेरे वाले इलाकों में उच्च गुणवत्ता वाली लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई
———————–
जिलाधिकारी ने यातायात नियमों का जनहित में व्यापक प्रचार प्रसार करने तथा आम लोगों को जागरुक एवं प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु वाहनों की सघन जांच करने तथा अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

अधिकारी रहे उपस्थित
———————-
बैठक में माननीय विधायक श्री रंजन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार, नगर आयुक्त श्री विक्रम विरकर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री कोटा किरण, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) श्री सुधीर कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) श्री तुषार कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री कुमार सत्येंद्र सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागों एवं आम लोगों के संयुक्त प्रयास से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार लाया जा सकेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य योजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।