Advertisement

मुजफ्फरपुर में जब्त वाहनों की नीलामी अब नगर भवन में होगी, तीन तिथियां निर्धारित

-मुजफ्फरपुर में जब्त वाहनों की नीलामी अब नगर भवन में होगी, तीन तिथियां निर्धारित

मुजफ्फरपुर। मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत जब्त किए गए वाहनों की नीलामी प्रक्रिया में इस बार बड़ा बदलाव किया गया है। पहली बार जिला परिषद सभागार के बजाय शहर के ऐतिहासिक नगर भवन में वाहनों की नीलामी आयोजित की जाएगी। उत्पाद विभाग ने नीलामी के लिए 31 जुलाई, 11 अगस्त और 21 अगस्त की तिथियां पहले ही निर्धारित कर दी हैं।
अब तक जब्त वाहनों की नीलामी जिला परिषद सभागार में ही कराई जाती रही है। इस वर्ष भी इन तिथियों के लिए जिला परिषद सभागार को पहले से आरक्षित किया गया था, लेकिन जिला परिषद की प्रस्तावित बैठकों एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक कारणों से सभागार को आरक्षण से मुक्त करने का निर्णय लिया गया।


इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अपर समाहर्ता (एडीएम) सह अपर जिला दंडाधिकारी ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर पूरी स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने अनुरोध किया है कि निर्धारित तीनों तिथियों पर नीलामी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए नगर भवन परिसर को आरक्षित किया जाए।
प्रशासन का मानना है कि नगर भवन में नीलामी आयोजित होने से प्रक्रिया को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा और बोलीदाताओं को भी पर्याप्त सुविधा मिलेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीनों तिथियों पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत जब्त वाहनों की सार्वजनिक नीलामी की जाएगी।