Advertisement

मुजफ्फरपुर में चुनावी साजिश नाकाम: मुखिया प्रत्याशी की हत्या की सुपारी लेकर घूम रहे तीन शार्प शूटर गिरफ्तार

-मुजफ्फरपुर में चुनावी साजिश नाकाम: मुखिया प्रत्याशी की हत्या की सुपारी लेकर घूम रहे तीन शार्प शूटर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। मुखिया चुनाव से पहले ही अपराधियों द्वारा संभावित प्रत्याशी की हत्या की तैयारी कर इलाके का माहौल दहशत से भरने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने इस साजिश को पूरी तरह विफल कर दिया। गरहा ओपी थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शार्प शूटर को गिरफ्तार कर लिया, जो एक संभावित मुखिया प्रत्याशी की हत्या की सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पूछताछ में आरोपियों ने इस साजिश का खुलासा किया है।

इस तरह पकड़े गए आरोपी
पूरा मामला पटियास चौक, गरहा थाना क्षेत्र का है। वरीय अधिकारियों को सूचना मिली थी कि तीन युवक किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। निर्देश मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके में गश्त तेज कर दी। इसी दौरान मिर्जापुर कट–पटियास चौक के पास तीन संदिग्ध युवक दिखे।

जब पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता के सामने वे विफल रहे और तीनों को बिना किसी चोट के गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामदगी में हथियार और नशा:

तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से तीन पिस्तौल,चार जिंदा कारतूस,40 पुड़िया स्मैक,कई मोबाइल फोन,एक बाइक,बरामद की है।

3 लाख की सुपारी लेकर आए थे शूटर:

कड़े पुछताछ में आरोपियों ने बताया कि गायघाट के एक संभावित मुखिया प्रत्याशी की हत्या के लिए उन्हें 3 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। उसी वारदात को अंजाम देने के लिए वे इलाके में घूम रहे थे।

गिरफ्तार शूटरों की पहचान:

गौरव निखिल (गायघाट थाना क्षेत्र)

रोहित कुमार (अहियापुर)

सावन कुमार

पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

सिटी एसपी का बयान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी कोटा किरण ने बताया कि गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हत्याकांड टल गया। आरोपियों से हथियार, स्मैक और मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस अब सुपारी देने वाले व्यक्ति और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

मुजफ्फरपुर पुलिस का कहना है कि चुनावी हिंसा रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।