-अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा का चौथा प्रखंड सम्मेलन आयोजित
बन्दरा। दीपक।
सरकार विरोधी नारों के साथ बंदरा प्रखंड के सिमरा में सोमवार को अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा का चौथा प्रखंड सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसकी शुरुआत झंडात्तोलन कर एवं पार्टी के दिवंगत एवं शहीद साथियों को श्रृद्धांजलि अर्पित कर किया गया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए संगठन के राज्य सचिव शत्रुध्न सहनी ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते देश तबाही के दौर से गुजर रहा है। आसमान छूती मंहगाई और बढ़ती बेरोजगारी ने गरीबों का जीना मुश्किल कर दिया है। महिलाओं,दलित-आदिवासीयों, पिछड़ों एवं अन्य तबकों के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार जारी हैं।
संगठन के जिला सचिव रामनंदन पासवान ने कहा कि बुलडोजर राज का वायरस बिहार में भी आया हुआ है, जिसके खिलाफ खेग्रामस ने पूरे बिहार में जुझारू जनप्रतिरोध खड़ा किया है।जिला अध्यक्ष होरिल राय ने कहा कि केंद्र की फासीवादी सरकार से हमें लड़ना है और वंचितों की तरक्की के आधार संविधान-लोकतंत्र को बचाना है। हमारे नेतृत्व में भूमि संघर्ष की श्रृंखलाएं खड़ी हुई हैं और जमींदारी राज को चुनौती दी है।

अंत में सर्वसम्मति से 11 सदस्यीय प्रखंड कमिटी का गठन किया गया। जिसमें कॉमरेड मो. इसराइल को प्रखंड सचिव , गीता देवी को सह सचिव, सत्रुधन महतो को अध्यक्ष एवं इंदु देवी को उपाध्यक्ष चुना गया।
मौके पर भाकपा माले के प्रखंड सचिव रामबली मेहता, राज्य सचिव शत्रुध्न सहनी, जिला सचिव रामनंदन पासवान, जिला अध्यक्ष होरिल राय गीता देवी, मो. इसराइल, सामाजिक कार्यकर्ता बिष्णुदेव सिंह, संजय कुमार दास, कमलेश कुमार निराला, अजीत कुमार, चंद्रकला देवी, महेश महतो, चिंता कुमारी ने भी अपनी बातों को रखा।











