Advertisement

मुजफ्फरपुर के 47 पंचायतों में लगे सहयोग शिविर

-मुजफ्फरपुर के 47 पंचायतों में लगे सहयोग शिविर

-हजारों लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ

मुजफ्फरपुर, 5 अगस्त। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप बुधवार को मुजफ्फरपुर जिले के सभी 16 प्रखंडों के 47 पंचायतों एवं विभिन्न नगर निकायों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में हजारों लोगों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ लिया तथा अपनी समस्याओं और आवेदनों का निबटारा कराया।
राज्य सरकार के निर्देश पर जिलाधिकारी के आदेशानुसार जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों ने विभिन्न शिविरों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्वयं कांटी प्रखंड की मानिकपुर नरोत्तम पंचायत के मध्य विद्यालय श्रीसियां में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने करीब 19 विभागों द्वारा लगाए गए जनसेवा काउंटरों का जायजा लिया और लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, बासगीत पर्चा, यूनिक डिसएबिलिटी कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, श्रम कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से जिलाधिकारी ने बातचीत की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सहयोग शिविर प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंच रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त सभी आवेदनों का 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन किया जाएगा।

 

यदि किसी अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 19 मई से जिले में सहयोग शिविरों का आयोजन शुरू हुआ है और अब इन्हें सभी 373 पंचायतों एवं नगर निकायों तक चरणबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है। प्रत्येक शिविर में लगभग 19 विभागों के काउंटर लगाए जाते हैं, जहां आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी शिकायतों के समाधान की व्यवस्था की जाती है। प्रत्येक शिविर के लिए जिला स्तर से एक वरीय अधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सहयोग शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को निर्धारित रोस्टर के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ (ईज ऑफ लिविंग) के संकल्प के तहत लोगों के दैनिक जीवन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से सहयोग शिविर, निःशुल्क हेल्पलाइन 1100 तथा सहयोग पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहा है। अब तक प्राप्त लगभग 95 प्रतिशत आवेदनों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों का भी निर्धारित अवधि में निस्तारण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से शिविरों का सफल संचालन संभव हो रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि अगला सहयोग शिविर 18 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न पंचायतों एवं नगर निकायों में आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन करने की अपील की है।