-मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा में घोषित योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की, अधिकारियों को तेजी से कार्य पूरा करने का निर्देश
लोकेशन:पटना(बिहार)
रिपोर्ट:दीपक कुमार तिवारी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकास योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं को तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि प्रगति यात्रा के दौरान कुल 430 योजनाओं की स्वीकृति दी गई थी, जो 22 विभागों से संबंधित हैं। इनमें से 428 योजनाओं की स्वीकृति जारी कर दी गई है, जबकि जल संसाधन विभाग की दो योजनाएं तकनीकी रूप से अनुपयुक्त पाई गई हैं। अब तक 21 योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है और शेष योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 के दिसंबर और 2025 के जनवरी-फरवरी में प्रगति यात्रा के दौरान उन्होंने सभी जिलों में विकास कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया था। जनता से मिले फीडबैक और जमीन पर दिख रही जरूरतों के आधार पर 430 नई योजनाओं को मंजूरी दी गई, जिन पर कुल 50 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी 38 जिलों की इन योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और लंबित योजनाओं को शीघ्रता से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी क्षेत्रों एवं वर्गों के उत्थान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। लक्ष्य है कि बिहार देश के शीर्ष 5 विकसित राज्यों में शामिल हो।
बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।












