Advertisement

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया ललित नारायण मिश्र संस्थान का निरीक्षण, छात्रों से की बातचीत

-मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया ललित नारायण मिश्र संस्थान का निरीक्षण, छात्रों से की बातचीत

पटना।दीपक कुमार तिवारी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक, टेक्निकल ब्लॉक, लैब, प्रशासनिक भवन और कक्षाओं का भ्रमण कर व्यवस्थाओं तथा शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।

क्लासरूम में उपस्थित छात्र-छात्राओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा— “आप लोग अच्छे से पढ़ाई करें और अपने उद्देश्य को प्राप्त करें।”

निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं संस्थान के निदेशक डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरीय अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि इस संस्थान की स्थापना वर्ष 1973 में ‘बिहार इंस्टिट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट’ के रूप में हुई थी। वर्तमान में यह पूर्वी भारत के अग्रणी प्रबंधन संस्थानों में गिना जाता है। संस्थान स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर प्रोफेशनल कोर्स संचालित करता है और पिछले तीन वर्षों में 90 प्रतिशत से अधिक प्लेसमेंट का लक्ष्य हासिल कर चुका है।

टाइम्स बी-स्कूल सर्वे 2025 में संस्थान ने शीर्ष 15 प्रबंधन संस्थानों में स्थान बनाया है। यहां गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन और कंप्यूटर शिक्षा समाज के कमजोर तबके के छात्रों को भी किफायती दर पर उपलब्ध कराई जाती है। कई छात्र बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।

संस्थान AICTE से मान्यता प्राप्त है तथा आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना से संबद्ध है। यहां सक्रिय स्टार्ट-अप सेल भी कार्यरत है जो भावी उद्यमियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करता है।