-मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया गंगा नदी पर निर्माणाधीन फोरलेन पुल का निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश
पटना | 08 जून 2025 । दीपक कुमार तिवारी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को महात्मा गांधी सेतु के समानांतर गंगा नदी पर बन रहे 14.5 किलोमीटर लंबे फोरलेन पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने हाजीपुर के सैफपुर में पाया संख्या-9 के निकट रुककर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पुल और उससे जुड़े दोनों ओर 08 लेन के एप्रोच पथ का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाएगा। खासकर मुजफ्फरपुर, सारण और वैशाली जिलों की जनता को सीधा लाभ मिलेगा। महात्मा गांधी सेतु पर ट्रैफिक लोड के कारण लगने वाले जाम से राहत देने के उद्देश्य से यह नया पुल महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा, “हम हमेशा इस पुल के निर्माण कार्य की निगरानी करते रहे हैं। इसे जल्द से जल्द पूर्ण करें, ताकि जनता को सुविधाएं मिल सकें।”
इस अवसर पर जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मिहिर कुमार सिंह, सचिव डॉ. संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वैशाली की डीएम श्रीमती वर्षा सिंह, पटना के एसएसपी श्री अवकाश कुमार तथा वैशाली के एसपी श्री ललित मोहन शर्मा समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।












