Advertisement

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले मुजफ्फरपुर में प्रशासन सतर्क, डीएम बोले—तैयारियां पूरी

-मुख्यमंत्री के आगमन से पहले मुजफ्फरपुर में प्रशासन सतर्क, डीएम बोले—तैयारियां पूरी

-जनशिकायतों के त्वरित निपटारे पर जोर

मुजफ्फरपुर।दीपक ।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मुजफ्फरपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री के दौरे से पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और कार्यक्रम स्थल से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
जिला अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को जिले के विकास से जोड़कर देखा जा रहा है और प्रशासन स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।


इधर, आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने एक अहम पहल शुरू की है। डीएम ने जानकारी दी कि जिले के सभी प्रखंडों में प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालय में बैठकर आम लोगों एवं फरियादियों की शिकायतें सुनेंगे और उन पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। यह व्यवस्था 19 जनवरी से लागू कर दी गई है और अब इसे नियमित रूप से जारी रखा जाएगा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है। इस पहल से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।