-मीनापुर थाने से पिस्टल के साथ गिरफ्तार आरोपी फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
मुजफ्फरपुर। जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र में हवाई फायरिंग के मामले में पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया आरोपी रविवार शाम पुलिस हिरासत से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार आरोपी की तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम मुस्तफागंज बाजार से पूरब जाने वाले मार्ग पर नगर पंचायत मीनापुर के वार्ड संख्या-13 (फरीदपुर) में दो युवकों के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान अलीनेउरा निवासी मुकेश कुमार ने विशुनपुर निवासी राजीव कुमार पर पिस्टल से एक राउंड हवाई फायरिंग कर दी। हालांकि, इस घटना में राजीव कुमार बाल-बाल बच गए।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया था।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 5:30 बजे आरोपी मीनापुर थाना परिसर से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में उसकी तलाश शुरू कर दी और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पुलिस हिरासत में रहने के बावजूद वह किस परिस्थिति में फरार हुआ और इसमें कहीं सुरक्षा में लापरवाही तो नहीं हुई। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।













