Advertisement

मानसून सत्र के बाद पताही हवाई अड्डे का होगा शिलान्यास, परिसर में शुरू हुई तैयारियां

-मानसून सत्र के बाद पताही हवाई अड्डे का होगा शिलान्यास, परिसर में शुरू हुई तैयारियां

मुजफ्फरपुर: लंबे समय से प्रतीक्षित पताही हवाई अड्डा परियोजना अब धरातल पर उतरती दिख रही है। संसद के मानसून सत्र के बाद 13 अगस्त को पताही हवाई अड्डे का शिलान्यास किए जाने की तैयारी तेज हो गई है। इसे लेकर हवाई अड्डा परिसर में साफ-सफाई और अन्य प्रारंभिक कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
मंगलवार को नगर निगम के कर्मी हवाई अड्डा परिसर में वर्षों से उगी घनी झाड़ियों और जंगल की सफाई में जुटे रहे। लंबे समय से खाली पड़े परिसर में बड़े पैमाने पर झाड़ियां उग आने के कारण सफाई कार्य में एक सप्ताह से अधिक समय लगने की संभावना जताई जा रही है।
हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एमआईटी कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी पताही हवाई अड्डे का जल्द शिलान्यास होने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि शिलान्यास समारोह में केंद्र सरकार के गृह मंत्री के शामिल होने की संभावना है। हालांकि अंतिम निर्णय केंद्र को भेजी जा रही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और कार्यक्रम की स्वीकृति के बाद लिया जाएगा।


परियोजना के तहत पताही हवाई अड्डे की मिट्टी की जांच के लिए नमूने हैदराबाद की प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है। इससे पहले भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की तीन सदस्यीय टीम स्थल का सर्वेक्षण कर अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है, जिसमें यहां से छोटी विमान सेवा शुरू करने पर सहमति दी गई है।
वर्तमान में पताही हवाई अड्डा लगभग 101 एकड़ भूमि पर स्थित है और इसका रनवे करीब 1050 मीटर लंबा है। पहले रनवे के विस्तार की योजना थी, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के कारण फिलहाल यहां से 19 सीटर विमान सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं होगी।
परियोजना के तहत रनवे, चहारदीवारी, टैक्सी-वे, पार्किंग, कार्यालय भवन समेत अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए 43 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण कार्य का टेंडर भी अंतिम रूप ले चुका है।
इसके अलावा पताही हवाई अड्डा परिसर में उड्डयन प्रशिक्षण अकादमी स्थापित करने की भी योजना पर काम चल रहा है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। इसका उद्देश्य मुजफ्फरपुर और उत्तर बिहार के युवाओं को पायलट प्रशिक्षण तथा अन्य उड्डयन संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री सह मुजफ्फरपुर सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी ने कहा कि संसद के मानसून सत्र के बाद हवाई अड्डे के शिलान्यास की संभावना है। उन्होंने बताया कि विमान सेवा शुरू करने से संबंधित कुछ तकनीकी रिपोर्टों की समीक्षा की जा रही है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शिलान्यास की अंतिम तिथि की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।