Advertisement

महादलित बस्ती का रास्ता बंद करने को लेकर हिंसक झड़प, कई घायल; पुलिस जांच में जुटी

-महादलित बस्ती का रास्ता बंद करने को लेकर हिंसक झड़प, कई घायल; पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरपुर। जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर कृष्णा पंचायत के हरिपुर कृष्णा गांव में शनिवार को महादलित बस्ती का रास्ता बंद किए जाने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोगों द्वारा महादलित बस्ती के मुख्य रास्ते को कथित तौर पर अवरुद्ध किया जा रहा था। इसका विरोध करने पर पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई।
घटना की सूचना मिलने पर सकरा थाना और डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही दूसरे पक्ष के लोगों ने महादलित समुदाय के लोगों पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि महिलाओं के साथ मारपीट की गई तथा धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल किया गया।


मारपीट की पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।
घायल महिला ने सकरा थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। आवेदन में गांव के रजनीश कुमार, पीयूष कुमार और सुशीला देवी को नामजद करते हुए आरोप लगाया गया है कि वे अक्सर महादलित बस्ती का रास्ता रोकते हैं। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला किया, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।
सकरा थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित पक्ष का आवेदन प्राप्त हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम को मौके पर भेजा गया था। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।