Advertisement

मनियारी थाना के सामने बड़ा हादसा, चाय दुकान रौंदते हुए नाले में जा घुसा गिट्टी लदा कंटेनर

-मनियारी थाना के सामने बड़ा हादसा, चाय दुकान रौंदते हुए नाले में जा घुसा गिट्टी लदा कंटेनर

मुजफ्फरपुर। जिले के एनएच-22 स्थित मनियारी थाना के ठीक सामने शुक्रवार की अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गिट्टी से लदा एक अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान को रौंदते हुए थाना के साइनबोर्ड के पास नाले में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद कंटेनर सीधे सड़क किनारे बनी चाय दुकान से टकरा गया और आगे बढ़ते हुए नाले में पलट गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कंटेनर का केबिन बुरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक उसी में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही मनियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-22 पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से कंटेनर को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।