-मक्का खेत में करंट की चपेट में आई महिला, दर्दनाक मौत से गांव में मचा कोहराम
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक तिवारी।
हत्था थाना क्षेत्र के शेरा टोला में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय वृद्धा सुमित्रा देवी की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नीलगायों और जंगली सुअरों से फसल बचाने के लिए खेतों में बांस-बल्लों के सहारे करंट दौड़ाया गया था। इसी करंटयुक्त तार की चपेट में आकर सुमित्रा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सुबह शौच के लिए निकली थीं सुमित्रा देवी, जब देर तक वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। कुछ ही देर में मक्का खेत में महिला का शव पड़ा देख ग्रामीण चौंक पड़े। शव खेत में पट पड़ा हुआ था। घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही हत्था थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खेत में ही सुरक्षित कराकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया है।

बताया गया है कि मृतका की पहचान सुमित्रा देवी (65 वर्ष),पति: स्व. बुझावन साह, हत्था गगराहा निवासी के रूप में की गई है।
जबकि घटनास्थल हत्था शेरा टोला मक्का खेत (मो. कैश का खेत)बताया गया है।
पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, खेतों में अवैध रूप से बिजली के तार दौड़ाकर जानवरों को मारने की कोशिश की जा रही थी, जो अब इंसानी जान पर भारी पड़ रही है।
लोगों ने बताया कि करंट प्रवाहित तार से खेतों की सुरक्षा गैरकानूनी और जानलेवा है। प्रशासन से ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।












