-भीषण गर्मी में बिजली संकट पर डीएम सख्त, आपूर्ति व्यवस्था सुधारने का दिया निर्देश
मुजफ्फरपुर। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लगातार मिल रही बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति की लचर व्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और प्रशासन को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने बताया कि बिजली व्यवस्था की समीक्षा नियमित रूप से की जा रही है और विभागीय अधिकारियों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे हैं। हाल के दिनों में बढ़ी शिकायतों को देखते हुए अधीक्षण अभियंता को विशेष रूप से बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार लाने, तकनीकी खराबियों का त्वरित निस्तारण करने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और फॉल्ट जैसी समस्याओं के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में विभाग को सतर्क रहकर फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद विद्युत विभाग की ओर से आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज होने की उम्मीद है। भीषण गर्मी के बीच लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि बिजली व्यवस्था में कितना सुधार हो पाता है और उपभोक्ताओं को राहत मिलती है या नहीं।











