Advertisement

“भागलपुर में सरस्वती विद्या मंदिर एवं शिशु मंदिर में विद्यालय स्तरीय गणित एवं विज्ञान मेला आयोजित”

-“भागलपुर में सरस्वती विद्या मंदिर एवं शिशु मंदिर में विद्यालय स्तरीय गणित एवं विज्ञान मेला आयोजित”

भागलपुर।
गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल एवं पूरणमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर में बुधवार को विद्यालय स्तरीय गणित एवं विज्ञान मेला का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा, विद्यालय के उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, महेश कुमार एवं सिद्धार्थ कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं नारियल फोड़कर किया।

उद्देश्य कथन के दौरान विज्ञान प्रमुख सिद्धार्थ कुमार सिंह ने कहा कि बालकों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए विद्यालय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विज्ञान मेले का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय विज्ञान मेला मेरठ में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष अनुभव और ज्ञान से प्राप्त सीख ही विज्ञान है और विद्यालय स्तरीय विज्ञान मेला छात्रों की सीखने की प्रवृत्ति, चिंतन कौशल और इनोवेटिव आइडिया विकसित करने का पहला पायदान है।

प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और प्रतिभा का विकास होता है। नवीन सोच, सकारात्मक चिंतन और नवाचार को बढ़ावा देना ही शिक्षा का मुख्य उद्देश्य है। वहीं उप-प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह ने कहा कि छात्रों में निहित ऊर्जा का सदुपयोग विज्ञान मेला का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

इस अवसर पर शिशु वर्ग से लेकर तरुण वर्ग तक के छात्रों ने गणित एवं विज्ञान से जुड़े अनेकों मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यालय स्तर पर चयनित छात्र क्रमशः विभागीय, प्रांतीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. संजीव कुमार झा ने किया तथा अतिथि परिचय दीपक कुमार झा द्वारा कराया गया। मौके पर मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, शशि भूषण मिश्र, अखिलेश कुमार, अमन राज, रवि कुमार, सुगंधा कुमारी समेत शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिर के सभी आचार्य बंधु-भगिनी उपस्थित रहे।