-बोचहां विधानसभा में विकास को मिली रफ्तार, ₹2.20 करोड़ की दो सड़क योजनाओं का हुआ शिलान्यास
बोचहां, 09 जुलाई। बोचहां विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विधायक बेबी कुमारी ने ग्रामीण कार्य विभाग के तहत ₹2.20 करोड़ से अधिक की लागत वाली दो सड़क सुदृढ़ीकरण योजनाओं का विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
शिलान्यास की गई योजनाओं में बखरी PWD रोड से बैद्यनाथ कुशवाहा टोला तक सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल है, जिसकी प्राक्कलित लागत ₹65.36 लाख है। वहीं दूसरी योजना झपहा PMGSY रोड से बथना मिडिल स्कूल होते हुए हाई स्कूल बथना तक सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य की है, जिस पर ₹154.92 लाख की लागत आएगी।

इस अवसर पर विधायक बेबी कुमारी ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और व्यापारियों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बोचहां विधानसभा के हर गांव तक विकास पहुंचाना उनका संकल्प है। सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विधायक ने संबंधित विभाग और कार्यदायी एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नवनीत सिंह, झपहा पंचायत के मुखिया संजीव साह, अब्दुल नगर उर्फ माधोपुर पंचायत के मुखिया अशोक सहनी, महामंत्री संजीव कुमार, श्याम किशोर मंडल, दिलीप चौधरी, राजू सिंह, शशिभूषण रजक, मुकेश कुशवाहा, गौरी शंकर कुशवाहा, गुलाब सहनी, रबींद्र शर्मा, प्रतिभा चौबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।












