Advertisement

बोचहां में महिला उत्पीड़न के आरोपी के घर बजा बैंड-बाजा, पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार

-बोचहां में महिला उत्पीड़न के आरोपी के घर बजा बैंड-बाजा, पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार

-ढोल की थाप पर दी सरेंडर करने की चेतावनी, नहीं मानने पर कुर्की-जब्ती तय

मुजफ्फरपुर/बोचहां।संवाददाता।

महिला उत्पीड़न के एक गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ बोचहां पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को बोचहां थाना के एसआई प्रमोद पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम बैंड-बाजे के साथ तमौलिया गांव पहुंची और अदालत के आदेशानुसार आरोपी के घर इश्तेहार चिपकाया गया। साथ ही ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कर पूरे गांव को इसकी सूचना दी गई।
थाना अध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि तमौलिया गांव निवासी कमलेश कुमार महिला उत्पीड़न के एक गंभीर मामले में नामजद आरोपी है।

पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी, लेकिन वह लंबे समय से फरार चल रहा था। कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद आरोपी न तो न्यायालय में पेश हुआ और न ही थाने में हाजिर हुआ।
पुलिस टीम के बैंड-बाजे के साथ गांव में प्रवेश करते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। ढोल की थाप पर मुनादी कर यह ऐलान किया गया कि कमलेश कुमार वांछित अपराधी है और यदि वह निर्धारित समय सीमा के भीतर सरेंडर नहीं करता है, तो उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून से भागने वालों के खिलाफ पुलिस अब सख्ती से पेश आएगी। महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर अपराधों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। यदि आरोपी समय रहते आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित है।
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है और इसे अपराधियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।