-बोचहाँ स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे टेक्नीशियन पर दुर्व्यवहार का आरोप, डीएम-सिविल सर्जन से की गई शिकायत
मुजफ्फरपुर/बोचहाँ। संवाददाता।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोचहाँ एक बार फिर विवादों में है। यहां के एक एक्स-रे टेक्नीशियन पर मरीज के परिजन के साथ दुर्व्यवहार और लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। चौपार मदन गांव निवासी ललन कुमार ने इस संबंध में मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी और सिविल सर्जन को स्पीड पोस्ट के माध्यम से लिखित शिकायत भेजते हुए दोषी कर्मी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ललन कुमार ने बताया कि वह अपने पिता किशोरी साह को इलाज के लिए अस्पताल लाए थे। डॉक्टर की सलाह पर एक्स-रे करवाने पहुंचे तो वहां मौजूद टेक्नीशियन ने न केवल उनसे अभद्र भाषा में बात की बल्कि जानबूझकर उनकी पर्ची को अन्य मरीजों की पर्चियों के नीचे रख दिया, जबकि उनका नंबर पहले था।

घटना के बाद ललन कुमार ने तत्काल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के कार्यालय में जाकर मौखिक शिकायत भी की। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के साथ इस तरह का व्यवहार असहनीय है और यदि अब भी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उच्चस्तरीय अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाएंगे।
इस मामले में जब प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभात रंजन से पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि अब तक उन्हें इस बाबत कोई शिकायत नहीं मिली है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच की मांग उठ रही है और यह देखना होगा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस पर क्या कदम उठाता है।
#BhochhanCHC #MuzaffarpurNews #HealthCareNegligence #PatientRights #BiharHealthSystem












