-बेलवर हाईस्कूल की प्रभारी एचएम का बीएड प्रमाणपत्र फर्जी, शरण बने पुनः प्रभारी
वैशाली | मोहन कुमार सुधांशु
गोरौल प्रखंड अंतर्गत राम परीक्षण चन्द्र ज्योति उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेलवर घाट की प्रभारी प्रधानाध्यापक सीमा कुमारी का बीएड प्रशिक्षण प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया है। इस मामले के सामने आने के बाद विद्यालय की ज़िम्मेदारी पुनः अरविंद कुमार शरण को सौंपी गई है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) द्वारा जारी ज्ञापन संख्या 388, दिनांक 30 अप्रैल 2025 के अनुसार, डीडीओ द्वारा प्रमाणपत्र सत्यापन हेतु पत्रांक 36(गो) दिनांक 22 जनवरी 2025 को जे.आर.एन. विद्यापीठ विश्वविद्यालय, प्रतापनगर, उदयपुर (राजस्थान) भेजा गया था। विश्वविद्यालय से प्राप्त उत्तर (पत्रांक 1373, दिनांक 12 फरवरी 2025) में स्पष्ट किया गया कि उक्त प्रमाणपत्र विश्वविद्यालय द्वारा निर्गत नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व विश्वविद्यालय के पत्रांक 270, दिनांक 8 मार्च 2025 में सीमा कुमारी के प्रमाणपत्र को वैध बताया गया था, जिसके आधार पर उन्हें प्रभारी प्रधानाध्यापक नियुक्त किया गया था। एक ही प्रमाणपत्र पर दो विरोधाभासी सत्यापन रिपोर्ट मिलने से शिक्षा विभाग में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीईओ, बिदुपुर अरुण कुमार सिंह को पत्रांक 317, दिनांक 3 अप्रैल 2025 के माध्यम से विश्वविद्यालय भेजा गया। जांच उपरांत बीईओ ने अपने पत्रांक 301, दिनांक 21 अप्रैल 2025 में प्रमाणित किया कि प्रमाणपत्र विश्वविद्यालय द्वारा जारी नहीं किया गया है।
इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सीमा कुमारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की है एवं विद्यालय का प्रभार दो दिनों के भीतर पुनः अरविंद कुमार शरण को सौंपने का आदेश दिया है। विदित हो कि इससे पूर्व भी श्री शरण ही विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक थे।












