Advertisement

बेनीबाद में एसडीएम ने नदी कटाव प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

-बेनीबाद में एसडीएम ने नदी कटाव प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

दीपक कुमार/गायघाट।
मुजफ्फरपुर जिले के पूर्वी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) उत्सव आनंद ने शनिवार को बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा पंचायत अंतर्गत मिश्रोली गांव में नदी कटाव प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में प्रस्तावित एवं चल रहे कटान निरोधक कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान बाढ़ नियंत्रण एवं सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर ने एसडीएम को कटान रोकने के लिए तैयार की गई परियोजनाओं और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। एसडीएम ने अधिकारियों को समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पंचायत समिति पति महेश्वर कुमार राय ने बताया कि नदी के लगातार कटाव से गांव को बचाने के लिए विशेष कटान निरोधक कार्य कराए जाने की आवश्यकता है, ताकि लोगों के घरों और खेती योग्य भूमि को सुरक्षित रखा जा सके।


वहीं, अंचलाधिकारी (सीओ) पुष्प राज ने बताया कि उनके पास मिट्टी भराई कर बांध निर्माण कराने के लिए फिलहाल कोई अलग फंड उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थानीय मुखिया और पंचायत समिति प्रतिनिधियों को मनरेगा योजना के माध्यम से प्रस्ताव लाकर कार्य कराने की सलाह दी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटान निरोधक कार्य नहीं कराया गया तो नदी का कटाव कई गांवों के लिए गंभीर संकट बन सकता है। उनका मानना है कि प्रभावी सुरक्षा कार्य होने से हजारों ग्रामीणों के मकान, कृषि भूमि और अन्य संपत्तियों को सुरक्षित रखा जा सकेगा।