Advertisement

बेगूसराय में हेडमास्टर का वीडियो वायरल, बार बालाओं संग डांस और नोट उड़ाते दिखे—प्रशासन सख्त

-बेगूसराय में हेडमास्टर का वीडियो वायरल, बार बालाओं संग डांस और नोट उड़ाते दिखे—प्रशासन सख्त

बेगूसराय।बिहार के बेगूसराय जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में हेडमास्टर बार बालाओं के साथ डांस करते और उन पर पैसे उड़ाते नजर आ रहे हैं, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया है।

बताया जा रहा है कि मामला साहेबपुरकमाल प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नया जाफर नगर से जुड़ा है। वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार के रूप में की जा रही है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि एक शिक्षक, खासकर प्रधानाध्यापक जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह के आचरण की उम्मीद नहीं की जा सकती। उनका मानना है कि यह न सिर्फ शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि छात्रों पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।

स्थानीय नागरिकों ने संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब छात्र बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब शिक्षकों का इस तरह के विवादों में घिरना बेहद चिंताजनक है।

इस मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।