Advertisement

बिहार सरकार ने कुंभ यात्रा टालने की अपील की

पटना: बिहार सरकार ने कुंभ यात्रा टालने की अपील की

-दिल्ली स्टेशन हादसे के बाद बढ़ी चिंता

पटना।दीपक कुमार तिवारी।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में 18 लोगों की मौत के बाद बिहार सरकार ने कुंभ यात्रा को कुछ समय के लिए टालने की अपील की है। मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने कहा कि यात्रियों को अभी कुछ दिनों तक यात्रा स्थगित करनी चाहिए, क्योंकि भीड़भाड़ के कारण यात्रा में गंभीर परेशानी हो रही है, विशेषकर पटना जंक्शन पर।

पटना और अन्य शहरों से कुंभ यात्रा के लिए जा रहे यात्री कुंभ स्पेशल ट्रेनों में भारी भीड़ की वजह से परेशान हो रहे हैं। पटना जंक्शन पर ट्रेन में चढ़ने में यात्रियों को काफी दिक्कत हो रही है, और बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यात्रा करना और भी मुश्किल हो गया है। इस मुद्दे पर मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार व्यवस्था बना रही है, लेकिन बड़ी भीड़ के कारण स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई है।

दिल्ली में हुए हादसे के कारण बिहार के लोगों में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि कई लोग कुंभ मेले के लिए दिल्ली होकर यात्रा करते हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि शनिवार और रविवार को पटना जंक्शन पर कुंभ यात्रा करने वालों की भारी भीड़ होती है, और प्लेटफार्मों पर पैर रखने तक की जगह नहीं होती। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि जब तक भीड़ कम न हो जाए, वे यात्रा स्थगित कर दें।

पटना जंक्शन पर कुंभ स्पेशल ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट वाले यात्री भी ट्रेन से छूट रहे हैं। प्लेटफॉर्म पर यात्री ट्रेनों के दरवाजे पीटते हुए अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे, जबकि कुछ यात्री ट्रेनों के दरवाजे पर लटकने को मजबूर थे। एक ट्रेन में यात्रियों की संख्या क्षमता से आठ गुना ज्यादा थी। ऐसे में यात्रा करना बेहद कठिन हो गया है, और सरकार ने यात्रियों से संयम रखने की अपील की है।