Advertisement

बिहार में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्ती: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की हाई-लेवल समीक्षा बैठक, ‘अभय ब्रिगेड’ का गठन

-बिहार में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्ती: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की हाई-लेवल समीक्षा बैठक, ‘अभय ब्रिगेड’ का गठन

पटना।दीपक कुमार तिवारी।

बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सरदार पटेल भवन में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था से जुड़े कई अहम फैसले लिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महिला सुरक्षा को लेकर बड़ी पहल—‘अभय ब्रिगेड’ का गठन

बैठक में उपमुख्यमंत्री ने ‘अभय ब्रिगेड’ के गठन की घोषणा की। यह विशेष बल स्कूल-कॉलेज, बाजार और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहकर छेड़खानी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करेगा और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।

अवैध खनन और जमीन फर्जीवाड़े पर सख्ती

सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि—

अवैध खनन पर रियल-टाइम निगरानी तंत्र विकसित करें।

गलत तरीके से जमीन खरीद-फरोख्त करने वालों की पहचान के लिए विशेष मैकेनिज्म बनाएं।

ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 3 महीने की डेडलाइन:

राज्य में बिगड़ती यातायात समस्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने सभी जिलों में ट्रैफिक व्यवस्था को तीन महीने के अंदर बेहतर करने का निर्देश दिया।

उद्यमियों के साथ डीएम–एसपी की मासिक बैठक अनिवार्य:

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग और निवेश वातावरण सुधारने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक हर महीने उद्यमियों व औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान करें।

अपराधियों को कड़ी चेतावनी:

एनडीए सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति दोहराते हुए चौधरी ने कहा—
“बिहार अपराधियों के लिए नहीं है। जो यहां रहकर कानून तोड़ने की कोशिश करेगा, उसे या तो सुधरना होगा या राज्य छोड़ना होगा।”

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को साफ संदेश देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था में ढिलाई किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।