Advertisement

बिहार बदलाव यात्रा: गायघाट में प्रशांत किशोर का तीखा वार, कहा— “अगली बार अपने बच्चों के लिए वोट करें”

-बिहार बदलाव यात्रा: गायघाट में प्रशांत किशोर का तीखा वार, कहा— “अगली बार अपने बच्चों के लिए वोट करें”

✍🏻 मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक कुमार तिवारी।

जन सुराज अभियान के तहत बिहार में परिवर्तन का संदेश लेकर निकले प्रशांत किशोर शनिवार को मुजफ्फरपुर के गायघाट पहुंचे। जारंग उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित ‘बिहार बदलाव सभा’ को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था और नेताओं पर तीखा प्रहार किया।

सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के लोगों ने कभी मंदिर के नाम पर, कभी जाति के नाम पर वोट दिया, लेकिन अब तक अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट नहीं दिया। उन्होंने कहा, “आपने नरेंद्र मोदी को मंदिर के लिए वोट दिया, वो बन गया। नीतीश कुमार को जाति के नाम पर वोट दिया तो उन्होंने जाति गणना करवा दी। लेकिन अब वक़्त है कि अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट दें।”

उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी बिहार के लोगों का वोट और देश भर का पैसा लेकर अपने राज्य गुजरात में फैक्ट्रियां लगवा रहे हैं, जबकि बिहार का नौजवान उन्हीं फैक्ट्रियों में मजदूरी करने जा रहा है।

प्रशांत किशोर ने कहा, “लालू यादव जी के बेटे ने 9वीं तक भी नहीं पढ़ाई की है, लेकिन वे उसे राजा बनाना चाहते हैं। दूसरी ओर, बिहार के लाखों युवा मैट्रिक, बी.ए., एम.ए. करने के बाद भी बेरोजगार हैं।” उन्होंने कहा कि अब नेताओं का नहीं, अपने बच्चों का भविष्य सोचने का समय है।

प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान

प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर की जनता से कई वादे भी किए:

दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन।

15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में फ्री शिक्षा दिलाएगी सरकार, फीस सरकार भरेगी।

बिहार में ही 10-12 हजार रुपये मासिक का रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा, ताकि युवाओं को पलायन न करना पड़े।

प्रशांत किशोर ने जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, “नेताओं का चेहरा देखकर वोट मत दीजिए, अगली बार अपने बच्चों के लिए वोट कीजिए। अब बिहार को नेताओं का नहीं, जनता का राज चाहिए।”

सभा में स्थानीय लोग, किसान, महिलाएं और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों में उत्साह और उम्मीद देखने को मिला। जन सुराज यात्रा के अगले पड़ावों को लेकर भी जनता में चर्चा बनी हुई है।