-बिहार के सिवान में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से स्कॉर्पियो चकनाचूर, तीन की मौत, एक गंभीर
सिवान। बिहार के सिवान जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के अफराद-सिसई मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। पटना से लौट रही स्कॉर्पियो गाड़ी को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना स्थल से एक पासपोर्ट भी बरामद हुआ, जिससे मृतकों में से एक की पहचान तरवारा थाना क्षेत्र निवासी अबरार अहमद के रूप में की गई। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार लोग पटना एयरपोर्ट से किसी को रिसीव कर लौट रहे थे। लौटते समय अफराद-सिसई मार्ग पर यह दर्दनाक हादसा हुआ।
मृतकों की पहचान अबरार अहमद, आजाद अंसारी और एहसान उल हक के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गोरियाकोठी थाना प्रभारी विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।
थाना प्रभारी विकास कुमार ने कहा, “सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई थी। सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के लिए शवों को सदर अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।”
#RoadAccident #SiwanNews #BiharBreaking #ScorpioCrash #TragicAccident #TruckCollision #Goreyakothi #ThreeDead #BiharNews #HindiNews











