-बिजली की चपेट में आने से प्लंबर मिस्त्री की मौत, गांव में छाया मातम
राजापाकर (वैशाली) – संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड के दक्षिणी पंचायत वार्ड संख्या 9 निवासी स्वर्गीय जयनंदन राय के पुत्र 37 वर्षीय प्लंबर मिस्त्री शिवकुमार सिंह की शनिवार को करंट लगने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार शिवकुमार सिंह राजापाकर दक्षिण पंचायत के कुशवाहा टोला निवासी प्रवीण कुमार के घर में प्लंबिंग का काम कर रहे थे। काम के दौरान उन्होंने ड्रिल मशीन से दीवार में छेद किया और तार समेटकर दूसरी तरफ जा रहे थे, तभी अचानक तार में करंट आने से वे गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजापाकर पहुंचाया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और मजदूरी ही उनकी जीविका का मुख्य साधन थी। उनके पीछे एक मात्र पुत्र है।
घटना की सूचना पर राजापाकर थाने के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सुरक्षा बलों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों द्वारा थाने में करंट लगने से हुई मौत के संबंध में आवेदन भी दिया गया है।
घटना की जानकारी पाकर स्थानीय विधायक प्रतिमा कुमारी मौके पर पहुंचीं और शोक-संवेदना व्यक्त की। वहीं विधायक प्रतिनिधि राजीव रंजन उर्फ पंकज यादव, सतनारायण राय, महेश राय, जगदीश राय, रामदास कुमार, विनोद राय, डॉ. विकास कुमार, रविंद्र राय, राजीव राय समेत कई लोग मौजूद रहे। उन्होंने जिला पदाधिकारी से गरीब परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।












