–बागमती तटबंध परियोजना के खिलाफ अनशन छठे दिन भी जारी, विधानसभा में उठेगा मुद्दा – कोमल सिंह
मुजफ्फरपुर/गायघाट।दीपकः
गायघाट के बेनीबाद में विनाशकारी बागमती तटबंध परियोजना के खिलाफ चल रहा ‘चास-वास जीवन बचाओ बागमती संघर्ष मोर्चा’ का सामूहिक आमरण अनशन शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित तटबंध से इलाके में तबाही, विस्थापन और खेती-बाड़ी पर गंभीर असर पड़ेगा, इसलिए वे किसी भी कीमत पर इस परियोजना को रुकवाना चाहते हैं।
अनशन स्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी साफ दिखी। आंदोलनकारियों का आरोप है कि अनशनकारियों की तबीयत लगातार बिगड़ रही है, बावजूद इसके प्रशासन संवेदनहीन बना हुआ है और अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

इसी बीच कोमल सिंह अनशन स्थल पर पहुंचीं और आंदोलनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने बागमती तटबंध से होने वाली संभावित तबाही का मुद्दा विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और सरकार को ग्रामीणों की चिंताओं का जवाब देना होगा।
संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने बताया कि रविवार को अरुण कुमार सिंह भी काराकाट से अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देंगे।
सभा की अध्यक्षता सुरेश राम ने की जबकि संचालन राहुल कुमार ने किया। सभा को ठाकुर देवेंद्र कुमार, जगन्नाथ पासवान, नवल किशोर सिंह, राजकुमार जी, उपेंद्र सिंह, दिनेश गामी, मिथलेश राय, राजेंद्र राय, गगन लाल, लाल बाबू राय और सुनील कुमार सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक परियोजना पर पुनर्विचार नहीं होता, उनका अनशन और आंदोलन जारी रहेगा।











