Advertisement

छठ महापर्व की तैयारियों का सीएम सम्राट चौधरी ने दूसरी बार लिया जायजा, 103 घाटों में 90 सुरक्षित

-छठ महापर्व की तैयारियों का सीएम सम्राट चौधरी ने दूसरी बार लिया जायजा, 103 घाटों में 90 सुरक्षित

-13 घाटों को किया जा रहा चिह्नित, सुरक्षा
-सफाई और बैरिकेडिंग को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
-बिहार से बाहर रहने वालों से छठ मनाने आने की अपील

पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ-2026 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को दूसरी बार गंगा घाटों का निरीक्षण किया। स्टीमर से उन्होंने नासरीगंज घाट से कलेक्ट्रियेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट, गायघाट, भद्र घाट होते हुए महावीर घाट तक की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घाटों की सफाई, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए सभी घाटों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। पटना में कुल 103 घाटों में से 90 घाट पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि 13 घाटों को चिह्नित किया जा रहा है। जिला प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि किसी भी श्रद्धालु और छठ व्रती को परेशानी नहीं हो। उन्होंने बिहार से बाहर रहने वाले लोगों से अपील करते हुए कहा कि बिहार आकर छठ मनाइए। यह हमारा अपना महापर्व है, जिसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।


निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ घाटों पर सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। गंगा नदी के जलस्तर और प्रवाह को ध्यान में रखते हुए घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। घाटों के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग कराने के साथ पहुंच पथ और गंगा किनारे की सड़कों पर भी बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारू रूप से हो सके।
उन्होंने छठ घाटों तक पहुंचने के लिए सुगम ट्रैफिक व्यवस्था बनाने, नियमित साफ-सफाई कराने और माइकिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं जरूरी सूचनाओं की लगातार जानकारी देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल हुए।