-बन्दरा में हनुमानजी महाराज का 15वां स्थापना दिवस, चार दिवसीय भक्ति कार्यक्रम शुरू
मुजफ्फरपुर। बन्दरा में हनुमानजी महाराज के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य आराधना एवं भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत गुरुवार 15 जनवरी से हुई।
कार्यक्रम के पहले दिन सुंदरकाण्ड पाठ के साथ आयोजन का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। 16 जनवरी को 24 घंटे का अखंड रामनाम महा अष्टयाम आयोजित किया जाएगा।

इसी दिन सीतामढ़ी जिले के परिहार निवासी संत सीताराम दास उर्फ मधुजी द्वारा जगद्जननी माता सीता का मटकोर कार्यक्रम संपन्न होगा।
17 जनवरी को श्रद्धा और उल्लास के साथ राम विवाह का आयोजन किया जाएगा, जबकि 18 जनवरी को राम कलेवा के साथ चार दिवसीय भक्ति कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।











