Advertisement

बन्दरा में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमराई,नाराज लोगों ने घोसरामा फीडर पर पहुंचकर जताया विरोध

-बन्दरा में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमराई,नाराज लोगों ने घोसरामा फीडर पर पहुंचकर जताया विरोध

बंदरा।दीपक।

प्रखंड क्षेत्र में करीब 1 सप्ताह से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था बदतर हालात में है,लिहाजा प्रखंड क्षेत्र के लोग परेशान हैं। कहीं लो वोल्टेज की समस्या है तो कहीं और अनियमित आपूर्ति से लोग परेशान हैं। खासकर प्रखण्ड के पूर्वी क्षेत्र के गांवों के लोगों में विभिन्न तरह की परेशानी है। कहीं खेतों में पटवन के लिए समय से विद्युत आपूर्ति नहीं कराए जा रहे हैं तो कहीं रात के अंधेरे में लोगों को समय गुजारना पड़ रहा है, लिहाजा क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। बन्दरा प्रखंड क्षेत्र के चंदौली एवं आसपास के ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से नाराज होकर शनिवार को घोषरामा फीडर पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान नाराज लोगों का बताना था कि उनके यहां पिछले साल भर से विद्युत आपूर्ति को लेकर परेशानी थी।

एक ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति कराए जाने से ओवरलोड की समस्या थी। अक्सर फॉल्ट हो रहे थे तथा ससमय एवं उपयुक्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही थी,ऐसे में लगातार प्रयास के बाद विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले दिनों लगाया गया। इसे चार्ज कर चालू करने के नाम पर लाइनमैन के द्वारा प्रत्येक उपभोक्ता से 100-100 रुपये मांग किए जा रहे थे। जिसका विरोध करने पर गलत तरीके से कनेक्शन कर दिया गया। जिससे नए ट्रांसफार्मर में भी फॉल्ट आ गया।नए-पुराने दोनों से सैकड़ों कनेक्शन कट गया। लगातार शिकायत के बावजूद लाइनमैन,जेई एवं तथा संबंधित अधिकारियों के द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। गांव में ब्लैक आउट की स्थिति है। नाराज लोगों के द्वारा घोषरामा फीडर पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया गया। ग्रामीण सह विधायक प्रतिनिधि विनय यादव ने बताया कि विभाग के वरीय अधिकारियों से भी मामले की शिकायत की गई है। इसे अविलंब ठीक कराने का आश्वासन दिया गया है। उधर विधायक निरंजन राय ने बताया कि बन्दरा प्रखंड एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत विभाग की स्थानीय स्तर के अधिकारियों एवं कर्मियों की लापरवाही की वजह से प्रायः इलाकों में फॉल्ट आदि ठीक करने के नाम पर, छापेमारी एवं कार्रवाई के नाम पर भी अवैध वसूली करने आदि से संबंधित शिकायतें मिल रही है। ससमय उपभोक्ताओं के द्वारा विद्युत बिल जमा करने के बावजूद भी संबंधित उपभोक्ताओं को पहले की तरह पर्याप्त विद्युत आपूर्ति भी नहीं मिल पा रहा है। वही अवैध रूप से विद्युत जला रहे हैं लोगों पर कार्रवाई करने में भी विभागीय अधिकारी हिचक रहे हैं,जबकि सभ्य लोगों को गलत बिल भी थमाया जा रहा है। इन तमाम बिंदुओं पर वरीय अधिकारियों से मिलकर संबंधित कर्मियों,जेई एवं अधिकारियों पर कार्रवाई कराई जाएगी।