-बच्चों के बीच किया कंबल वितरण, मानवता का दिया संदेश
मुजफ्फरपुर। “करो मेहरबानी तुम अहले ज़मीं पर, खुदा मेहरबाँ होगा अर्शे बरीं पर”—इसी भावना को आत्मसात करते हुए शिवहर जिले के फुलकाहाँ पंचायत अंतर्गत मिल्लत नगर रामपुरकेशो में एहसास फाउंडेशन, मुजफ्फरपुर की ओर से जरूरतमंद बच्चों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी मोहम्मद अली जौहर सिद्दिकी ने की। इस अवसर पर फाउंडेशन के सलाहकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता मो. तौसीफ रजा ने कहा कि समाज में इंसानियत को जीवित रखना बेहद जरूरी है, तभी हम सच्चे अर्थों में इंसान कहलाने के हकदार होंगे।
वहीं अध्यक्षीय संबोधन में मोहम्मद अली जौहर सिद्दिकी ने कहा कि जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। चाहे वह गर्म कपड़ों के माध्यम से हो, कंबल वितरण से हो या रक्तदान जैसे सेवा कार्यों से—जो भी संभव हो, मदद जरूर करनी चाहिए।

इस सामाजिक पहल का नेतृत्व एहसास फाउंडेशन के संस्थापक एवं सचिव मोहम्मद जावेद इक़बाल ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उप-सचिव श्रीमती नुसरत बानो जुही, अध्यक्ष श्री मोहम्मद मुश्ताक़ अहमद, उपाध्यक्ष श्री मोहद क़ासिद अज़ीज़, कार्यक्रम निदेशक श्री मोहम्मद मुजाहिद आलम एवं कोषाध्यक्ष श्री मोहद अमानुल्लाह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
एहसास फाउंडेशन लंबे समय से समाज के कमजोर वर्गों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और राहत कार्यों के माध्यम से निरंतर सेवा करता आ रहा है। यह कंबल वितरण शिविर एक बार फिर संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धता और मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
कार्यक्रम में रेहान, इंतखाब, अनस, अरमान, तनवीर, बबलू, वाहिद, फारूक, अल्फाज, यासिर, समीर, एहसान, ग़ालिब, तौकीर, रहमत, साकिब, सरफराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।














