-बंदरा के छात्र ने नीट परीक्षा में लहराया परचम, शिक्षक दंपती का सपना हुआ साकार
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक तिवारी। जिले के बंदरा प्रखंड के करैला गांव के छात्र कुमार दिव्यांशु आदर्श ने री-नीट (Re-NEET) परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
दिव्यांशु की माता अनुपम कुमारी प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर में विशिष्ट शिक्षिका हैं, जबकि पिता संजय कुमार प्राथमिक विद्यालय करैला में विशिष्ट शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। परिवार ग्राम करैला, पंचायत बड़गांव, वार्ड संख्या-09 का निवासी है।
दिव्यांशु ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय करैला से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा परिसर स्थित कैंपस पब्लिक स्कूल से सीबीएसई बोर्ड के तहत 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसी वर्ष उन्होंने 12वीं की परीक्षा 88 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने खान सर के कोचिंग संस्थान से नीट की तैयारी की और री-नीट परीक्षा में सफलता हासिल की।

दिव्यांशु ने बताया कि उनकी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और निरंतर मेहनत को जाता है। उनका सपना एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है।
माता अनुपम कुमारी और पिता संजय कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों नियोजित शिक्षक हैं और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका बेटा इतनी बड़ी सफलता हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि खान सर की सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ने उनके बेटे का सपना साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
दिव्यांशु की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।












