-प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश से की ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ की घोषणा
-मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
पटना।दीपक कुमार तिवारी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो संदेश के माध्यम से ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में मशाल प्रज्वलित कर खेलों की शुरुआत की।
प्रधानमंत्री ने बिहार के खेल विकास और युवाओं की ऊर्जा की सराहना की। कार्यक्रम में बिहार की लोकगायिका मैथिली ठाकुर की गायन प्रस्तुति और अभिनेता पंकज त्रिपाठी द्वारा संगीत के माध्यम से बिहार के गौरवशाली अतीत का चित्रण किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है कि इस बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी राज्य को मिली है। उन्होंने बताया कि खेलों का आयोजन बिहार के पटना, गया, नालंदा (राजगीर), भागलपुर और बेगूसराय जिलों में किया जा रहा है। उन्होंने राज्य में खेल ढांचे के विकास और खिलाड़ियों को दी जा रही सरकारी नौकरियों की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने राजगीर में खेल अकादमी एवं विश्वविद्यालय की स्थापना की है और वर्ष 2024 में एक अलग खेल विभाग भी बनाया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा बजट में बिहार को दी गई विशेष आर्थिक सहायता का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम को केन्द्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और खेलप्रेमी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने खेल परिसर में उपस्थित सभी मेहमानों का अभिवादन किया और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
#KheloIndia2025 #PatnaGames #YouthSports #BiharPride #PMModi #CMNitishKumar #KheloIndiaInBihar











