-प्रजापति समाज की हुंकार रैली से गूंजा पटना: अधिकार, सम्मान और भागीदारी की मांग तेज
पटना। ब्यूरो। सामाजिक न्याय और राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग को लेकर पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में रविवार को प्रजापति समाज की हुंकार रैली आयोजित की गई। बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति के बैनर तले जुटे हजारों लोगों ने प्रजापति समाज को अनुसूचित जाति (SC) में शामिल करने, आबादी के अनुपात में राजनीतिक भागीदारी, शिक्षा और रोजगार में प्राथमिकता सहित कई मांगों को जोरदार ढंग से उठाया।
रैली के मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के अध्यक्ष श्री दारा सिंह प्रजापति ने कहा, “अब प्रजापति समाज केवल कुम्हारी तक सीमित नहीं रहेगा, हम शिक्षा, प्रशासन और राजनीति में भागीदारी का अधिकार लेकर रहेंगे।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब समाज मौन नहीं रहेगा और हर स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधायक आर. डी. प्रजापति ने कहा कि जब तक समाज निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनेगा, तब तक उसकी उन्नति संभव नहीं। लोकतंत्र में भागीदारी ही असली हक है।

समिति के अध्यक्ष रूपेश कुमार ने कहा कि मंडल आयोग के बाद भी कुम्हार जाति को न्याय नहीं मिला। यह राजनीतिक उपेक्षा अब और नहीं झेली जाएगी। उन्होंने सभी दलों से आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की मांग की।
कार्यक्रम के संचालन कर रहे महासचिव पिंटू गुरुजी ने कहा कि समाज आज भी अत्यंत पिछड़े वर्ग में आता है और अब उसे संरक्षण देने के लिए ठोस कानूनी प्रावधान चाहिए।
प्रमुख मांगें:
प्रजापति समाज को अनुसूचित जाति (SC) श्रेणी में शामिल किया जाए।
राजनीतिक प्रतिनिधित्व जनसंख्या के अनुपात में मिले।
पारंपरिक कुम्हारी कला के लिए ‘मिट्टी कला बोर्ड’ का गठन हो।
शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण व रोजगार में प्राथमिकता दी जाए।
अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए राष्ट्रीय आयोग और सुरक्षात्मक कानून बने।
रैली में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखी गई, जो यह दर्शाता है कि प्रजापति समाज अब अपने हक और सम्मान के लिए निर्णायक संघर्ष के रास्ते पर है। इस रैली ने सामाजिक न्याय के विमर्श को नई दिशा दी है और आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी धार पकड़ेगा।
#प्रजापति_हुंकार #सामाजिक_न्याय #राजनीतिक_हिस्सेदारी #कुम्हार_समाज_की_आवाज़ #SC_में_प्रजापति #मिट्टी_कला_बोर्ड #बहुजन_एकता












